डेहरी आन सोन। डेहरी आन सोन और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं को लेकर पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें तेज रफ्तार वाहन का विरोध करने पर मारपीट, मीटर बायपास कर बिजली चोरी, बकाया मजदूरी मांगने पर मारपीट और पूजा के दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर मारपीट के मामले शामिल हैं। सभी मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
तेज रफ्तार गाड़ी चलाने का विरोध करने पर युवक से मारपीट
नगर थाना क्षेत्र के तार बंगला मोहल्ले में तेज रफ्तार वाहन चलाने का विरोध करने पर मारपीट और जातिसूचक गाली देने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मनीष कुमार अपने छोटे भाई योगेश कुमार और अन्य लोगों के साथ काली मंदिर के पास भोग बना रहे थे। इसी दौरान कार संख्या BR 03 AM 6381 से तेज रफ्तार में आ रहे रोहित कुमार और अमर कुमार को धीरे वाहन चलाने के लिए कहा गया।
आरोप है कि इस बात से नाराज दोनों ने जातिसूचक गाली देते हुए मनीष कुमार का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लोहे की रॉड, लाठी-डंडे से भी हमला किए जाने का आरोप है।
मारपीट में मनीष कुमार, योगेश कुमार समेत अन्य लोगों के सिर और शरीर में चोटें आईं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जेब से 1,000 रुपये भी निकाल लिए और प्राथमिकी दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी।
मीटर बायपास कर बिजली चोरी, ₹23,548 की क्षति का आरोप
थाना क्षेत्र के भुसहुला गांव में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी के दौरान मीटर बायपास कर विद्युत ऊर्जा की चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। विभाग की ओर से आरोपी उपभोक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, बिजली विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान मोहिद्दीन अंसारी को मीटर बायपास कर बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा। जांच के दौरान परिसर का विद्युत लोड 718 वाट पाया गया।
विभाग के आकलन के अनुसार बिजली चोरी से उसे करीब ₹23,548 की आर्थिक क्षति हुई है। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।
थानाध्यक्ष रवि प्रियदर्शी ने बताया कि मामले में कांड दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बकाया मजदूरी मांगने पर राजमिस्त्री से मारपीट, रस्सी से गला कसने का आरोप
सूर्यपुरा में बकाया मजदूरी का पैसा मांगने पहुंचे एक राजमिस्त्री के साथ मारपीट करने और गले में रस्सी डालकर जान से मारने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, राजमिस्त्री तुलसी राम ने प्राथमिकी में बताया है कि उन्होंने सूर्यपुरा निवासी राम कुमार पाण्डेय के यहां राजमिस्त्री का काम किया था। काम की कुछ मजदूरी बकाया थी। बकाया राशि मांगने के लिए वह राम कुमार पाण्डेय के दलान पर पहुंचे।
आरोप है कि मजदूरी का पैसा मांगने पर राम कुमार पाण्डेय नाराज हो गए और जातिसूचक गाली देते हुए तुलसी राम को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद शोर मचाकर वीर जी पाण्डेय और जय कुमार पाण्डेय को बुलाया गया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसे पकड़ लिया गया और राम कुमार पाण्डेय ने उसके गले में रस्सी बांधकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर-गुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।
सत्यनारायण पूजा में गाली-गलौज का विरोध करने पर मारपीट, सिर में लगी चोट
डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में सत्यनारायण पूजा के दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगने की बात कही गई है।
पुलिस के अनुसार, नंद किशोर राम के घर पर सत्यनारायण पूजा-पाठ चल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी राजेश्वर राम और रमेश राम कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि पूजा का कार्यक्रम चलने और गाली-गलौज नहीं करने की बात कहने पर दोनों ने ईंट से हमला कर दिया। ईंट सिर पर लगने से नंद किशोर राम के सिर में चोट आई और सिर फट गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद उसकी पत्नी के साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। घायल को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया।