अररिया: Araria Road Accident: जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर देखने को मिला। हरियाबारा टोल प्लाजा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे 25 वर्षीय अशरफ की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार उनके दो साथी घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी पर स्थानीय लोगों और एनएचएआई की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
काम पर जा रहे थे तीनों राजमिस्त्री
मिली जानकारी के अनुसार, अशरफ, शाहिद और मोहम्मद महमूद आलम एक ही बाइक से काम के सिलसिले में पोठिया जा रहे थे। तीनों राजमिस्त्री का काम करते थे और रोज की तरह अपने घर से निकले थे।
बताया गया कि बाइक जैसे ही हरियाबारा टोल टैक्स से कुछ आगे पहुंची, पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद शुरू की। एनएचएआई की एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अशरफ को मृत घोषित कर दिया। वहीं शाहिद की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया। बाइक चालक मोहम्मद महमूद आलम का इलाज अररिया सदर अस्पताल में चल रहा है।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अशरफ की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। बताया गया है कि मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की सड़क हादसे में मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय अशरफ, पिता इस्लाम, निवासी बसंतपुर, मानिकपुर वार्ड संख्या आठ, अररिया के रूप में हुई है।
पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक ने बढ़ाई चिंता
हरियाबारा टोल प्लाजा के आसपास सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर पहले भी सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं। हाल के दिनों में अररिया के फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों से जुड़े कई हादसे सामने आए हैं।
इस हादसे में भी पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।