कार्यशाला में शिक्षा, जागरूकता और डिजिटल साक्षरता के महत्व पर हुई चर्चा
बिहारशरीफ। स्थानीय ब्रिलिएंट ग्रुप के विशाल सभागार में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने साक्षरता एवं शिक्षा के महत्व से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ. धनंजय कुमार ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। यह केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति में ज्ञान, जागरूकता, आत्मविश्वास तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करती है।
विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि शिक्षा और ज्ञान से व्यक्ति में आत्मविश्वास, जागरूकता एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। आज के डिजिटल युग में डिजिटल साक्षरता भी समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बच्चों में व्यवहारिक गुण, सामाजिक सरोकार, पारिवारिक दायित्व तथा पर्यावरण के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का विकास होना ही सही शिक्षा की पहचान है।
मंच संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक रंजय सिंह की देखरेख में बच्चों ने बखूबी किया। विद्यालय के विभिन्न वर्गों के बच्चों ने शिक्षा पर आधारित नृत्य-नाटिका, कविता, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. पुष्प लता विद्यार्थी ने भावनात्मक संदेश देते हुए कहा कि साक्षरता का अर्थ केवल अक्षर ज्ञान प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को आत्मज्ञान, आत्मविश्वास, जागरूकता और बेहतर भविष्य के अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने बच्चों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि “हर व्यक्ति साक्षर, हर बच्चा शिक्षित और हर नागरिक सक्षम बने—यही सही शिक्षा का मार्ग है।”
कार्यशाला में विद्यालय के शिक्षक रंजय सिंह, पवन कुमार, विजय कुमार, किशोर कुमार पांडेय, राजकुमार सिंह, सतीश कुमार पांडेय, नाजिम रजा, अमित सिंह, राज भूषण पांडेय, मिथिलेश सर, राज किशोर सिंह, आनंद कुमार, नाजिया खान, द्राक्षण मैडम, चंपा मैडम, मिलन मैडम, सीमा मैडम, सोनम मिस, आरसी मिस, संध्या मिस, सिमरन मिस, हिना खान, सृष्टि मिस, चांदनी मिस एवं दीपू मिस सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।