जमुई। गिद्धौर थाना क्षेत्र के मौरा गांव में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। इस दौरान युवक को निशाना बनाकर चलाई गई गोली उसकी चाची रूपा देवी के पेट में जा लगी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रूपा देवी घर के दरवाजे पर परिवार के लोगों के साथ बैठी थीं। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और सिंटू कुमार पर लगातार दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलते ही सिंटू वहां से भागने लगा। इसी दौरान बदमाशों की चलाई गई तीसरी गोली रूपा देवी के पेट में लग गई।
फायरिंग की आवाज सुनकर जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तीनों बदमाश मकई के खेत में कूदकर फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी और बदमाशों ने सिंटू को ही निशाना बनाकर गोली चलाई थी।
घायल रूपा देवी को परिजन तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया गया, लेकिन गोली का पता नहीं चल सका। डॉक्टरों के अनुसार गोली के आर-पार होने के निशान भी नहीं मिले। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से दो कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस सिंटू कुमार से पूछताछ कर रही है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया है।