डेस्क: बिहार के भोजपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला (Bhojpur murder) मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने सिट्टू यादव (मंजीत कुमार) को अपनी प्रेमिका की हत्या के लिए गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती आरोपी युवक पर शादी का दबाव बना रही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच बीते कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि युवक ने अपनी प्रेमिका को मिलने के बहाने झारखंड से बिहार बुलाया और उसकी हत्या कर दी।
पूरा मामला चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव का है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सिट्टू यादव ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद उसके शव को बधार स्थित करहा में फेंक दिया। बीते महीने 29 जून की सुबह इसी स्थान से युवती की लाश बरामद हुई थी।
पुलिस ने जब जांच का दायरा बढ़ाया तो मृतक युवती की पहचान झारखंड की रहने वाली 19 वर्षीय अंजू कुमारी के रूप में हुई, जो गोंडा जिले की निवासी गुलाबी मंडल की बेटी थी। युवती की पहचान होने के बाद उसके पिता ने चरपोखरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस दौरान उन्होंने प्रेम-प्रंसग में अपनी बेटी की हत्या होने की आशंका जताई थी और सिट्टू यादव को नामजद किया था।
प्राथमिकी में गुलाबी मंडल ने कहा था कि करीब दो महीना पूर्व उनकी बेटी का आरा के सिट्टू यादव नाम के एक लड़के से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क हुआ था। बातचीत के दौरान दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। सिट्टू यादव के बुलाने पर उससे मिलने के लिए उनकी बेटी 26 जून की सुबह करीब नौ बजे अपने घर झारखंड से बिना कुछ कहे निकली थी।
शाम तक वह घर नहीं लौटी, तो उसकी काफी खोजबीन भी की गयी थी। लेकिन, वह नहीं मिल पाई थी। इसी बीच 29 जून की शाम गोड्डा थाने की पुलिस ने उन्हें सूचना मिली कि आपकी पुत्री की आरा में हत्या कर दी गई है और उसका शव वहां सदर अस्पताल में है। सूचना मिलने पर वे लोग आरा सदर अस्पताल पहुंचे। गुलाब मंडल की ओर से इंस्टाग्राम पर संपर्क में आने के बाद सिट्टू यादव पर बुलाकर अपनी बेटी की गला काट हत्या करने का आरोप लगाया गया था।