नवादा/रजौली: नवादा जिले के रजौली प्रखंड में मंगलवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। अमावां पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित दरियापुर गांव में धान रोपनी कर रहे मजदूरों पर अचानक ठनका गिर गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर बाल-बाल बच गया।
जानकारी के मुताबिक, ये सभी मजदूर सीतामढ़ी जिले के सोनवर्षा प्रखंड के मधेशरा गांव से धान रोपनी के लिए रजौली आए थे। कुल 12 मजदूरों में से 8 मजदूर राजाबिगहा गांव में और 4 मजदूर दरियापुर गांव में मनोज यादव के खेत में धान की रोपाई कर रहे थे।
बारिश के बीच खेत से निकल रहे थे मजदूर
मंगलवार शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम बदला और बादल गरजने के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होने के बाद मजदूर खेत से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज के साथ ठनका गिरा और चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
ठनका गिरने से 60 वर्षीय मणि मांझी, 18 वर्षीय इंद्रजीत मांझी और 20 वर्षीय राजेंद्र मांझी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं रघुवर कुमार इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
रघुवर कुमार ने बताया कि मृतकों में उनके चाचा और चचेरे भाई शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही रजौली से दो एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। एएसआई संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
परिजनों को मिलेगा सरकारी मुआवजा
रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
वहीं अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिया जाएगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद दरियापुर और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।