पटना: गंगा समेत पुनपुन और दरधा नदी के बढ़ते जलस्तर ने पटना जिले के दियारा और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार सुबह छह बजे जारी जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार मनेर, दीघा घाट, गांधी घाट और हाथीदह में गंगा का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है और सभी जगह जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है।
फिलहाल पटना के शहरी इलाकों में बाढ़ का पानी बड़े पैमाने पर नहीं फैला है, लेकिन दियारा और नदी किनारे के निचले क्षेत्रों में पानी पहुंचने लगा है। जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
दीघा घाट पर खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊपर गंगा
जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक दीघा घाट पर गंगा का जलस्तर 50.80 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि यहां खतरे का निशान 50.45 मीटर है। यानी नदी का पानी खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊपर है।
वहीं गांधी घाट पर जलस्तर 49.71 मीटर दर्ज किया गया, जो 48.60 मीटर के खतरे के निशान से 1.11 मीटर अधिक है। मनेर में गंगा का जलस्तर 52.53 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 52 मीटर है। हाथीदह में भी पानी 42.48 मीटर पर पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 41.76 मीटर है।
इन सभी स्थानों पर जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी है।
दानापुर दियारा में फैलने लगा गंगा का पानी
गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर दानापुर दियारा के निचले इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। दियारा की ओर जाने वाले रास्ते पर पानी चढ़ गया है। हालांकि, ग्रामीणों ने फिलहाल पलायन शुरू नहीं किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें दियारा में रहने और बाढ़ की स्थिति से निपटने का अनुभव है और अभी हालात नियंत्रण से बाहर नहीं हुए हैं। हालांकि, पानी इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं। फिलहाल पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था को लेकर सबसे ज्यादा परेशानी बताई जा रही है।
बख्तियारपुर के दियारा इलाकों में भी बढ़ी चिंता
बख्तियारपुर के चिरैया रूपस, रूपस महाजी और हरदासपुर दियारा पंचायतों में भी गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछली बार की तुलना में इस बार पानी करीब एक हाथ अधिक बढ़ा हुआ महसूस हो रहा है। लोगों को आशंका है कि यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले समय में बाढ़ का खतरा गंभीर हो सकता है।
पुनपुन नदी भी खतरे के निशान से ऊपर
पटना जिले में पुनपुन नदी का बढ़ता जलस्तर भी प्रशासन और ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। श्रीपालपुर में पुनपुन नदी का जलस्तर 52.58 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का निशान 50.60 मीटर है।
किंजर में पुनपुन नदी का जलस्तर 66.69 मीटर दर्ज किया गया है और यहां भी पानी बढ़ रहा है। वहीं धनरुआ क्षेत्र में दरधा और पुनपुन नदी के उफान पर होने की सूचना है।
हालांकि, फिलहाल कहीं भी तटबंध टूटने की सूचना नहीं है।
पटना सिटी में सड़कें जलमग्न, स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
बाढ़ के साथ पटना सिटी के कुछ इलाकों में जलजमाव ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड 66 के दीरा पर मोहल्ले का रास्ता पानी में डूब गया है। इससे स्कूली बच्चों को श्री गुरु गोविंद सिंह स्कूल जाने में दिक्कत हो रही है।
सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की गाड़ी से मोहल्ले में जमा पानी निकालने का काम किया जा रहा है।
वहीं पटना सिटी का प्रमुख श्री गुरु गोविंद सिंह पथ भी जलमग्न हो गया है। सड़क के गड्ढों में पानी भरने के कारण वाहनों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
तटबंध सुरक्षित, संवेदनशील इलाकों में नावें तैयार
जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट में पटना शहरी सुरक्षा दीवार समेत संबंधित तटबंधों को सुरक्षित बताया गया है। दानापुर दियारा सहित संवेदनशील इलाकों में कुछ नावों को तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद की जा सके।
एडीएम आपदा डीपी शाही के अनुसार फिलहाल राहत कार्य शुरू करने की आवश्यकता नहीं बताई गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
कहां कितना पहुंचा नदी का जलस्तर?
| केंद्र | आज का जलस्तर | खतरे का निशान | स्थिति |
|---|---|---|---|
| मनेर | 52.53 मीटर | 52.00 मीटर | बढ़ रहा |
| दीघा घाट | 50.80 मीटर | 50.45 मीटर | बढ़ रहा |
| गांधी घाट | 49.71 मीटर | 48.60 मीटर | बढ़ रहा |
| हाथीदह | 42.48 मीटर | 41.76 मीटर | बढ़ रहा |
| पुनपुन-श्रीपालपुर | 52.58 मीटर | 50.60 मीटर | बढ़ रहा |
| पुनपुन-किंजर | 66.69 मीटर | 65.00 मीटर | बढ़ रहा |
| सोन-कोइलवर | 54.50 मीटर | 55.52 मीटर | बढ़ रहा |