माधव कौशिक ने भी जड़ा नाबाद शतक, पहले दिन उत्तर प्रदेश ने तीन विकेट पर बनाए 287 रन
Nalanda News। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर के नवनिर्मित खेल स्टेडियम में रविवार को पहली बार रणजी ट्रॉफी 2026-27 के मुकाबले का शुभारंभ हुआ। एलीट ग्रुप के इस मुकाबले में बिहार और उत्तर प्रदेश की टीमें आमने-सामने हैं। मैच के पहले दिन उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 287 रन बना लिए।
भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और माधव कौशिक ने नाबाद शतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
टॉस जीतकर बिहार के कप्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुरुआती ओवरों में बिहार के गेंदबाजों को सफलता मिली और उत्तर प्रदेश के तीन बल्लेबाज 13-13 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद माधव कौशिक और रिंकू सिंह ने मोर्चा संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने संभलकर खेलते हुए बड़े स्कोर की नींव रखी और दिन का खेल समाप्त होने तक क्रीज पर डटे रहे।

माधव कौशिक ने 252 गेंदों में नाबाद 124 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह ने 164 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 109 रन की शतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच 200 रनों की मजबूत साझेदारी हो चुकी है। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के कारण उत्तर प्रदेश की टीम पहले दिन मजबूत स्थिति में पहुंच गई।
सूरज कश्यप बिहार के सबसे सफल गेंदबाज
अपने घरेलू मैदान पर बिहार की गेंदबाजी उत्तर प्रदेश के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाने में सफल नहीं रही। कप्तान ने कुल सात गेंदबाजों को आजमाया। इनमें स्पिनर सूरज कश्यप सबसे सफल रहे। उन्होंने 26 ओवर में 44 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। वहीं, रणजी ट्रॉफी में पदार्पण कर रहे बिहार के तेज गेंदबाज मो. इजहार को संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने 14 ओवर में 64 रन खर्च किए।
खराब रोशनी के कारण पहले दिन का खेल निर्धारित समय से कुछ पहले समाप्त कर दिया गया। इसके बाद बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया मैनेजर अभिषेक तिवारी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि राजगीर का मैदान और पिच दोनों टीमों के लिए नए हैं। इसलिए शुरुआत में पिच के व्यवहार को समझना चुनौतीपूर्ण था।
उन्होंने कहा कि सूरज कश्यप की गेंदबाजी से संकेत मिलता है कि पिच स्पिनरों को मदद दे रही है। दोनों टीमों ने संतुलित प्रदर्शन किया है। रिंकू सिंह और माधव कौशिक के शतकों पर उन्होंने बिहार क्रिकेट एसोसिएशन परिवार की ओर से दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।

आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी की उम्मीद
राजगीर में पहली बार रणजी ट्रॉफी मुकाबले का आयोजन बिहार क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अभिषेक तिवारी ने कहा कि रणजी ट्रॉफी घरेलू क्रिकेट का प्रमुख टूर्नामेंट है। राजगीर के मैदान को इस प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना दर्शाता है कि यहां का मैदान और पिच बीसीसीआई के मानकों के अनुरूप हैं।
उन्होंने बताया कि स्टेडियम का भवन अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और फिलहाल दर्शकों के प्रवेश की अनुमति भी नहीं है। इसके बावजूद बिहार सरकार ने क्रिकेट आयोजन के लिए बेहतरीन मैदान उपलब्ध कराया है, जो बिहार क्रिकेट के लिए सौभाग्य की बात है।
राजगीर में रणजी ट्रॉफी मुकाबले के आयोजन से भविष्य में आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। इससे बिहार में क्रिकेट को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ राजगीर को खेल पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की संभावना है।
