बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, सामान में की तोड़फोड़
Aurangabad News: बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के मुड़िला गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
गृहस्वामी अजय कुमार सिंह के मुताबिक, चोर घर से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद, महंगे कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान ले गए। चोरी के दौरान घर में जमकर तोड़फोड़ भी की गई। गृहस्वामी ने कुल 20 से 22 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।
पत्नी का जन्मदिन मनाने बोकारो गया था परिवार
अजय कुमार सिंह अपनी पत्नी अंजना सिंह के साथ 22 सितंबर को घर में ताला लगाकर बोकारो गए थे। उनके दोनों बच्चे बोकारो में रहकर पढ़ाई करते हैं। 24 सितंबर को पत्नी का जन्मदिन था, जिसे मनाने के लिए दंपती परिवार के पास गए थे।
मंगलवार रात जब वे मुड़िला स्थित अपने घर लौटे, तो बाहर का नजारा देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
घर की बाउंड्री के अंदर कपड़े और अन्य सामान बिखरे पड़े थे। मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर पहुंचने पर कमरों के ताले भी टूटे मिले। अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे आभूषण और नकदी गायब कर दिए गए थे।
घर के दूसरे कमरों में भी सामान अस्त-व्यस्त था। आशंका है कि चोरों ने घर के अलग-अलग हिस्सों में काफी देर तक तलाशी ली।
तीन लाख के टीवी और दो लाख के साउंड सिस्टम को नुकसान
गृहस्वामी के अनुसार, चोरों ने चोरी करने के साथ घर में जमकर तोड़फोड़ भी की। करीब तीन लाख रुपये के एलईडी टीवी को खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वहीं, करीब दो लाख रुपये के साउंड सिस्टम को भी तोड़ दिया गया।
इसके अलावा पंखे समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घर का कुछ सामान बाउंड्री के बाहर फेंका हुआ मिला। गृहस्वामी ने चोरी और तोड़फोड़ के कारण कुल 20 से 22 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर कुटुंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने बताया कि गृहस्वामी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
24 दिन पहले तीन मंदिरों से चोरी हुई थीं घंटियां
ग्रामीणों के मुताबिक, मुड़िला गांव में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले चार सितंबर को गांव के तीन मंदिरों से पीतल की घंटियां चोरी हुई थीं। गांव के बधार में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर की चोरी की घटना भी सामने आ चुकी है।
मंदिरों से घंटियां चोरी होने के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष इमरान आलम ने गांव में दो होमगार्ड जवानों की तैनाती कराई थी। ग्रामीणों का कहना है कि जवानों की मौजूदगी के दौरान कुछ समय तक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगा था, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव के लोगों में चिंता है। ग्रामीणों ने नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और गांव की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।