एक माह से घर से थे फरार, भोपाल से लौटने के बाद दरियापुर के खानपुर बाजार स्थित मां भवानी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ विवाह
दरियापुर (सारण)। करीब एक माह तक भोपाल में साथ रहने के बाद प्रेमी युगल शुक्रवार को दरियापुर के खानपुर बाजार स्थित मां भवानी मंदिर पहुंचा। यहां दोनों परिवारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सात फेरे लेकर दोनों ने अपने रिश्ते को विवाह का रूप दे दिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी हुईं। शादी के बाद दोनों पक्षों के स्वजन ने अपनी सहमति जताते हुए वर-वधू को अपने साथ घर ले गए।
मामला खानपुर-खजुहाता और मढ़ौरा क्षेत्र से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार खानपुर-खजुहाता गांव निवासी रंजीत शर्मा के पुत्र बादल शर्मा और मढ़ौरा के सिमरहिया गांव निवासी नंद किशोर शर्मा की पुत्री सुषमा कुमारी के बीच प्रेम संबंध था।
एक माह पहले घर से निकलकर पहुंचे थे भोपाल
बताया गया कि बादल शर्मा और सुषमा कुमारी करीब एक माह पूर्व अपने घर से निकलकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल चले गए थे। दोनों के भोपाल में साथ रहने की जानकारी सामने आने के बाद मामला परिवार और सामाजिक स्तर तक पहुंच गया।
इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति और मामले को सुलझाने की पहल शुरू हुई। इसी क्रम में जिला परिषद सदस्य करुणेश कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह की पहल पर दोनों को भोपाल से खानपुर बुलाया गया।
मां भवानी मंदिर में हुई शादी की रस्में
शुक्रवार को दोनों पक्षों के स्वजन और स्थानीय ग्रामीण मां भवानी मंदिर पहुंचे। मंदिर में आचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी कराईं।
वर-वधू ने एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार करते हुए सात फेरे लिए। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
विवाह की रस्में पूरी होने के बाद दोनों पक्षों ने अपनी सहमति जताई। इसके बाद वर-वधू को परिवार के लोग मंदिर से अपने साथ घर ले गए।
परिवारों की सहमति से रिश्ते को मिला नया नाम
करीब एक माह तक भोपाल में साथ रहने के बाद खानपुर पहुंचे प्रेमी युगल ने परिवार और ग्रामीणों की मौजूदगी में विवाह किया। विवाह के बाद दोनों परिवारों की ओर से सहमति जताई गई।
इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा अब खानपुर और आसपास के क्षेत्र में बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर हुई पहल के बाद प्रेमी युगल का रिश्ता विवाह के बंधन में बदल गया।