Jamui News: पुलिस की वर्दी और सुरक्षा घेरे से अलग जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल मंगलवार को सादे कपड़ों में शहर की कोचिंग गलियों में पहुंचे।
टी-शर्ट और ट्राउजर पहने एसपी ने आम लोगों के बीच जाकर बातचीत की और एक कोचिंग संस्थान में विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया।
इस दौरान उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने, अपराध के प्रति सजग रहने और जिले की सकारात्मक पहचान बनाए रखने का संदेश दिया।
मड़वा में हाल ही में हुई घटना के बाद प्रशासनिक सतर्कता के बीच एसपी का यह अलग अंदाज देखने को मिला। कोचिंग संस्थान में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने साइबर अपराध, छेड़छाड़ और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर जागरूक रहने की अपील की।
‘अपराध का वीडियो बनाने से पहले विरोध की हिम्मत पैदा करें’
एसपी विश्वजीत दयाल ने विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई और करियर के साथ एक अच्छा नागरिक बनना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी घटना को देखकर केवल मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। लोगों को सुरक्षित तरीके से मदद करने, विरोध दर्ज कराने और पुलिस को सूचना देने की जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए।
उन्होंने छात्रों को साइबर अपराध और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में संकोच नहीं करने को कहा।
रील्स से दूरी, किताबों से दोस्ती का संदेश
विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सावधान करते हुए एसपी ने कहा कि छात्र जीवन में अनावश्यक रील्स और सोशल मीडिया पर समय गंवाने के बजाय किताबों से दोस्ती करें। उन्होंने युवाओं को अपने चरित्र को मजबूत बनाने, जरूरतमंदों की मदद करने और पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
एसपी ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और ऐसी आदतें विकसित करनी चाहिए, जो उनके भविष्य के साथ समाज के लिए भी उपयोगी हों।
‘जमुई का नाम करना है, बदनाम नहीं’
संवाद के दौरान एसपी ने युवाओं से खास तौर पर कहा, “जमुई का नाम करना है, जमुई को बदनाम नहीं करना है।” उन्होंने जमुई की ऐतिहासिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को जिले के इतिहास और गौरव को समझना चाहिए।
कुछ लोगों की गलत हरकतों से पूरे जिले की छवि प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और मिलकर जमुई की अच्छी पहचान को मजबूत करने की अपील की। एसपी ने कहा कि पुलिस और आम लोगों के सहयोग से गलत गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।
पुलिस दीदी टीम और 112 की मदद लेने की अपील
एसपी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को पुलिस दीदी टीम की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर का इस्तेमाल करने की भी जानकारी दी। किसी भी घटना या समस्या की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने की अपील की।
सादे कपड़ों में एसपी को देखकर उत्साहित हुए विद्यार्थी
सामान्य कपड़ों में एसपी को अपने बीच देखकर कोचिंग संस्थान के विद्यार्थी उत्साहित नजर आए। बातचीत के दौरान उन्होंने छात्रों से खुलकर संवाद किया और अंत में अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया। एसपी ने युवाओं से सतर्क रहने, जिम्मेदार नागरिक बनने और मिलकर जमुई की सकारात्मक पहचान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
एसपी के संवाद के प्रमुख संदेश
- पहले अच्छा और जिम्मेदार नागरिक बनें।
- साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहें।
- छेड़छाड़ या अन्य अपराध की सूचना पुलिस को दें।
- घटना का केवल वीडियो न बनाएं, सुरक्षित तरीके से मदद करें।
- अनावश्यक रील्स से दूरी बनाकर किताबों से जुड़ें।
- जरूरतमंदों की मदद करें।
- अपने चरित्र और जिम्मेदारी को मजबूत बनाएं।
- पर्यावरण की रक्षा करें।
- जरूरत पड़ने पर 112 की मदद लें।
- पुलिस दीदी टीम से सहायता प्राप्त करें।
- जमुई का नाम रोशन करें, बदनाम नहीं।