बिहारशरीफ: नालंदा जिले के बिहारशरीफ में लहेरी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे से लापता युवक का शव मिलने के बाद उसकी मौत को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान पावापुरी थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव निवासी मनोज कुमार के 30 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है। वह बिहारशरीफ के गढ़पर स्थित प्रोफेसर कॉलोनी के यूरेका कॉन्सेप्ट स्कूल में केयरटेकर के रूप में काम करते थे। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सतीश मंगलवार को घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। मंगलवार दोपहर पावापुरी थाने को उनके लापता होने की सूचना दी गई थी। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को लहेरी थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरे में उनका शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का एक साल का बेटा है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
एफएसएल और तकनीकी टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर एसपी हृदयकांत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सतीश के लापता होने की सूचना मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच बुधवार को होटल के कमरे से उनका शव बरामद हुआ।
एसपी के मुताबिक, एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। तकनीकी अनुसंधान के लिए अलग टीम भी लगाई गई है। परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह जताया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस की तत्परता में कमी के आरोप पर एसपी ने कहा कि पावापुरी और लहेरी थाने की पुलिस लगातार सतीश की तलाश कर रही थी। परिजनों की ओर से दिए गए किसी इनपुट पर कार्रवाई नहीं हुई है तो इसकी भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

आत्महत्या की आशंका पर स्कूल प्रबंधन ने उठाए सवाल
यूरेका कॉन्सेप्ट स्कूल के प्राचार्य नीरज कुमार ने घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि सतीश को मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्कूल पहुंचना था, लेकिन वह शाम तक नहीं पहुंचे। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजन उनकी तलाश में जुट गए थे।
प्राचार्य ने कहा कि सतीश मिलनसार और अच्छे स्वभाव के व्यक्ति थे तथा उनका किसी से विवाद होने की जानकारी नहीं थी। ऐसे में आत्महत्या की आशंका पर उन्हें संदेह है। उन्होंने बताया कि होटल के रजिस्टर में सतीश की एंट्री होने की बात सामने आई है, लेकिन घटनास्थल पर होटल का मैनेजर या कोई अन्य कर्मचारी मौजूद नहीं था। स्कूल प्रबंधन ने होटल का सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की है, ताकि पता चल सके कि सतीश होटल कब पहुंचे और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति आया था या नहीं।
पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस होटल में सतीश के पहुंचने के समय, उनके साथ मौजूद संभावित लोगों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा एफएसएल जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हत्या या आत्महत्या, किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
