जनवरी से ‘भरोसा’ योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे 1,500 से 2,000 रुपये; 21 से 45 वर्ष के युवा होंगे पात्र, दिसंबर में 1,331 नियुक्तियों की तैयारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार विभिन्न विभागों में 10,146 पदों पर भर्ती करने जा रही है। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन शुल्क पूरी तरह समाप्त करने का फैसला किया गया है। अब सामान्य वर्ग से लेकर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति तक किसी भी वर्ग के अभ्यर्थी को आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। भर्ती परीक्षाओं का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
सोमवार को नवान्न में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इन फैसलों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पुलिस, ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स (ईएफआर), साइबर अपराध शाखा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पर्यटन, शहरी विकास और अन्य विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया पश्चिम बंगाल लोक सेवा आयोग, पुलिस भर्ती बोर्ड, स्वास्थ्य भर्ती बोर्ड और संबंधित जिलाधिकारियों के माध्यम से पूरी होगी।
पुलिस और ईएफआर में 9,250 पदों पर भर्ती
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रस्तावित भर्तियों में सबसे बड़ा हिस्सा पुलिस और ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स का है। इन विभागों में सब-इंस्पेक्टर के 650, कांस्टेबल के 8,000 और राइफलमैन के 600 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा एंटी नारकोटिक्स इकाई में 48 पदों पर भर्ती होगी।
साइबर अपराध से जुड़े कामकाज को मजबूत करने के लिए 160 डाटा एंट्री ऑपरेटर भी नियुक्त किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पर्यटन, शहरी विकास और दूसरे सरकारी विभागों में भी रिक्त पद भरे जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य राज्य में एक लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। दिसंबर में 1,331 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस और सहकारी क्षेत्र में पहले ही करीब 11 हजार नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
इसके अलावा राज्य पुलिस में 1,331 सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती प्रक्रिया लगभग तैयार है। कोलकाता पुलिस में चार हजार कांस्टेबलों को जनवरी के दूसरे सप्ताह में नियुक्ति पत्र देने की तैयारी भी की जा रही है।
जनवरी 2027 से शुरू होगी ‘भरोसा’ योजना
बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहारा देने के लिए राज्य सरकार पूर्ववर्ती युवा सहायता योजना का नाम बदलकर ‘भरोसा’ करने जा रही है। यह योजना जनवरी 2027 से शुरू होगी। इसके तहत पात्र स्नातक युवाओं को प्रतिमाह 2,000 रुपये और अन्य पात्र गैर-स्नातक युवाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सरकारी तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पात्र युवाओं को भी योजना के तहत सहायता देने का प्रावधान है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शुरुआती 15 महीने तक यही राशि दी जाएगी। इसके बाद वित्त वर्ष 2028-29 से चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादे के अनुसार सहायता राशि बढ़ाई जाएगी। उस समय स्नातक युवाओं को प्रतिमाह 3,000 रुपये और अन्य पात्र युवाओं को 2,000 रुपये दिए जाएंगे।
21 से 45 वर्ष के युवा होंगे पात्र
‘भरोसा’ योजना का लाभ लेने के लिए युवाओं की उम्र 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एक परिवार के अधिकतम दो सदस्य इस योजना का लाभ ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अन्नपूर्णा योजना के तहत प्रतिमाह 3,000 रुपये पाने वाली महिलाओं को ‘भरोसा’ योजना का लाभ नहीं मिलेगा। दोनों योजनाओं का लाभ एक साथ नहीं दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पूर्ववर्ती योजना के तहत पंजीकृत करीब 54 लाख युवाओं के डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इस सत्यापन प्रक्रिया को 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें आधार से जुड़े बैंक खातों, उम्र और शैक्षणिक योग्यता की जांच होगी।
अब तक की जांच में अन्नपूर्णा योजना का लाभ लेने वाले 2,52,930 लोगों और माध्यमिक से कम शैक्षणिक योग्यता वाले 1,16,625 आवेदकों को अलग किया गया है। जिन आवेदकों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता का विवरण नहीं दिया है, उन्हें जानकारी अपडेट करने का अवसर मिलेगा।

जो युवा पहले आवेदन नहीं कर पाए थे या किसी कारण से योजना का लाभ नहीं ले सके, वे ‘आपका सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन संबंधित विभाग से युवा कल्याण विभाग को भेजे जाएंगे। वहां दस्तावेजों और पात्रता की जांच के बाद लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
हर महीने दूसरे सप्ताह में खाते में आएंगे पैसे
योजना के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। हर महीने के दूसरे सप्ताह में राशि का भुगतान किया जाएगा और आवेदन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाभार्थियों की सूची की हर महीने समीक्षा होगी। इसके अलावा प्रत्येक पखवाड़े पात्रता की जांच की जाएगी। नौकरी मिलने, निर्धारित आयु सीमा पार करने या योजना की पात्रता समाप्त होने पर संबंधित व्यक्ति का नाम लाभार्थियों की सूची से हटा दिया जाएगा।
अनाथालयों और दिव्यांग आश्रमों के भोजन का बजट दोगुना
मंत्रिमंडल ने सामाजिक कल्याण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण फैसला भी लिया है। राज्य के अनाथालयों, दिव्यांगजनों के आश्रमों और अन्य संबंधित आवासीय संस्थानों में रहने वाले लोगों के भोजन के लिए मिलने वाली राशि बढ़ा दी गई है।

अब तक प्रति व्यक्ति प्रतिदिन भोजन के लिए 56 रुपये दिए जाते थे। इसे बढ़ाकर 110 रुपये कर दिया गया है। नई दर एक दिसंबर से लागू होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद इस मद में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी। सरकार का कहना है कि बढ़ी हुई राशि से इन संस्थानों में रहने वाले लोगों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
4 से 14 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र
पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिमंडल ने इस सत्र में आठ विधेयक पेश करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इन विधेयकों को आवश्यक स्वीकृति के लिए राज्यपाल के पास भेजा जाएगा।
प्रस्तावित विधेयकों में पंचायत कानून में संशोधन, भूमि सुधार, कारोबार सुगमता, जन विश्वास और श्रम कानूनों से जुड़े विषय शामिल हैं।

इनमें पश्चिम बंगाल दुकान एवं प्रतिष्ठान संशोधन विधेयक भी शामिल है। इसके तहत दुकानदारों को अपनी इच्छा के अनुसार रातभर दुकान खोलकर रखने की अनुमति देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा कार्यस्थलों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और कामकाजी परिस्थितियों से संबंधित प्रावधानों में भी संशोधन किया जाएगा।
वित्त विभाग की ओर से पश्चिम बंगाल बिक्री कर विवाद निपटान संशोधन विधेयक लाया जाएगा। इसके साथ पूर्व विधायकों के चिकित्सा भत्ते को छह हजार से बढ़ाकर दस हजार रुपये करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।
एक अन्य प्रस्ताव के तहत सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्र के कार्यालय खर्च के लिए 30 हजार रुपये की व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासनिक मुद्दों पर मीडिया से बात करेंगे तीन मंत्री
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की मीडिया संवाद व्यवस्था को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों के कामकाज से जुड़े सवालों का जवाब उस विभाग के मंत्री देंगे।

वहीं, विभागीय विषयों से अलग राज्य सरकार के व्यापक नीतिगत और प्रशासनिक मुद्दों पर मीडिया से बातचीत करने की जिम्मेदारी तापस राय और दीपक बर्मन को दी गई है। हिंदी समाचार चैनलों और हिंदी अखबारों के लिए उमेश राय सरकार की ओर से जानकारी देंगे।
