पटना। बिहार में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी उपलब्धता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा है कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस चिकित्सा पद्धति को आगे बढ़ाना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने वक्तव्य में कहा कि खान-पान की आदतों और बदलती जीवनशैली के कारण बीमारियों का बोझ बढ़ रहा है। डायबिटीज, कैंसर, फैटी लिवर और किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उपचार के विकल्पों में एलोपैथी के साथ-साथ आयुर्वेद को भी प्राथमिकता देने की जरूरत है।
प्रदेश में विकसित किए जा रहे 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिर
मंत्री निशांत के मुताबिक, बिहार में फिलहाल 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को विकसित किया जा रहा है। इस पहल के जरिए आयुष चिकित्सा सेवाओं को स्वास्थ्य व्यवस्था में और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
आयुर्वेदिक दवाओं को EDL में शामिल करने की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आयुर्वेदिक दवाओं को आवश्यक दवा सूची (EDL) में शामिल किया जा रहा है। इसके साथ ही अच्छे विशेषज्ञ चिकित्सकों, जरूरी दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी काम किया जा रहा है।

आयुर्वेद को स्वास्थ्य सेवाओं में मजबूत करने पर जोर
मंत्री ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा परंपरा का अहम हिस्सा है। बदलती जीवनशैली और खान-पान से जुड़ी चुनौतियों के बीच इस पद्धति को आगे बढ़ाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को बेहतर संसाधनों और विशेषज्ञों के माध्यम से अधिक सुलभ बनाना है।
