Banka News: बांका के पंजवारा थाना क्षेत्र में इंटर की नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार के आरोप में विद्यालय प्रधानाध्यापक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़िता की मां के आवेदन पर POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने आरोपित प्रधानाध्यापक को शुक्रवार को झारखंड के गोड्डा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। उसका मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।
रजिस्ट्रेशन के नाम पर छात्रा को बुलाया गया था स्कूल
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर बाद विद्यालय प्रधान ने छात्रा के पिता के मोबाइल पर फोन कर इंटर के रजिस्ट्रेशन के सिलसिले में छात्रा को विद्यालय बुलाया था। छात्रा के विद्यालय पहुंचने पर उसे आधार कार्ड लाने के लिए कहा गया।
इसके बाद छात्रा आधार कार्ड लेकर प्रधानाध्यापक के कक्ष में पहुंची। छात्रा के बयान के अनुसार, काम पूरा होने के बाद जब वह कमरे से बाहर निकल रही थी, तभी प्रधानाध्यापक ने पीछे से उसके कंधे को पकड़ लिया।
छात्रा के मुताबिक, इससे वह घबरा गई और घर पहुंचकर अपनी मां को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद देर शाम छात्रा की मां के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
सहायक शिक्षक ने बताया अलग घटनाक्रम
मामले में विद्यालय के एक सहायक शिक्षक ने घटना को लेकर अलग पक्ष रखा है। शिक्षक के अनुसार, विद्यालय बंद होने के समय प्रधानाध्यापक कमरे से बाहर निकल रहे थे और उसी दौरान छात्रा भी आगे की ओर जा रही थी।
शिक्षक का कहना है कि प्रधानाध्यापक का पैर टेबल के किनारे से टकरा गया और लड़खड़ाने के दौरान उनका हाथ छात्रा की पीठ पर लग गया। सहायक शिक्षक ने इसे संयोगवश हुई घटना बताते हुए छात्रा को जानबूझकर छूने के आरोप से इनकार किया है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में छात्रा का बयान दर्ज करने समेत अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।