छिनतई किया गया OnePlus Nord मोबाइल बरामद, अन्य दो मोबाइल भी मिले
Nalanda News । पावापुरी थाना क्षेत्र में NH-20 स्थित अभिलाषा होटल ओवरब्रिज के पास हुई मोबाइल झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिनतई किया गया OnePlus Nord मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को करीब 11 बजे दिन में सूचना मिली थी कि अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश एक व्यक्ति से झपट्टा मारकर OnePlus Nord मोबाइल लेकर फरार हो गए हैं। मामले में गिरियक (पावापुरी) थाना कांड संख्या 466/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 को धारा 304(2) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने दीपनगर थाना क्षेत्र के जोरारपुर गांव से राजू पासवान उर्फ राजीव पासवान (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में शामिल अमित कुमार (26 वर्ष), निवासी नवीनगर तथा ओम कुमार (19 वर्ष), निवासी उमेद नगर, दोनों थाना दीपनगर, को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से छिनतई किया गया OnePlus Nord मोबाइल के अलावा Vivo और Realme कंपनी के एक-एक मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा मामले में अग्रतर अनुसंधान किया जा रहा है।
छापेमारी दल में पावापुरी थानाध्यक्ष पुअनि गौरव कुमार सिंह, पुअनि विमल कुमार तिवारी, पुअनि रामजी प्रसाद, सअनि प्रमोद कुमार सिंह सहित पावापुरी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।