Nalanda news। नालंदा में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस की ओर से शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पावापुरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पोखरपुर गांव में छापेमारी कर पांच लीटर बीयर बरामद की। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही आरोपित छत से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि पोखरपुर गांव निवासी राजू चौधरी, पिता स्व. विनोद चौधरी के घर में अवैध रूप से शराब रखी गई है।
सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपित ने छत से शराब को बाहर फेंक दिया और खुद भी छत से कूदकर अंधेरे में फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से किंगफिशर कंपनी की 500 एमएल क्षमता वाली 10 केन बीयर बरामद की। बरामद बीयर की कुल मात्रा पांच लीटर बताई गई है। पुलिस ने बीयर को जब्त कर लिया है।
मामले में पावापुरी थाना में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।