चंडी (नालंदा): नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में एक 42 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति की मौत के बाद मामला गरमा गया है। मृतक की पहचान सुरेश बिंद के रूप में हुई है। परिजनों की ओर से पड़ोसी पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुरेश बिंद ने घटना से एक दिन पहले थाने पहुंचकर पड़ोसी द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन करने के लिए एएसआई छोटेलाल पासवान को मौके पर भेजा था। इसी बीच गुरुवार सुबह पुलिस को सुरेश की मौत की सूचना मिली।
पिटाई के तीन दिन बाद हुई मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामवरण बिंद पर सुरेश बिंद की पिटाई करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक यह घटना करीब तीन दिन पहले हुई थी। मृतक के स्वजन का दावा है कि मारपीट के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
हालांकि, पुलिस ने बताया कि सुरेश के शरीर पर चोट या जख्म के स्पष्ट निशान फिलहाल दिखाई नहीं दिए हैं। इसलिए मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने शव को फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पत्नी ने भी लगाए थे सुरेश पर आरोप
मामले की जांच के दौरान पुलिस अधिकारी जब सुरेश के घर पहुंचे थे, तब उनकी पत्नी ने एक अलग पक्ष पुलिस के सामने रखा था। पत्नी के अनुसार, सुरेश का पड़ोस के कुछ लोगों से विवाद रहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेश अक्सर दूसरे लोगों के खेत में मवेशी छोड़ देते थे और राह चलते लोगों से विवाद या अभद्र व्यवहार करते थे।
पत्नी ने यह भी कहा कि घर में भी उनके साथ मारपीट और बच्चों के साथ बदसलूकी की जाती थी। पुलिस अब इन सभी बिंदुओं को जांच का हिस्सा बना रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार के अनुसार, तीन दिन पहले हुई मारपीट को लेकर मृतक के स्वजन ने मौत का संबंध उससे बताया है। पुलिस को मामले में लिखित शिकायत का भी इंतजार है। शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।